भारत की परंपरा और संस्कृति का अभिन्न अंग है सनातन संस्कृति : नितिन भारत
- DSS Admin
- Jun 10, 2026


हिंदू समाज के जागरण और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
प्रयागराज, 10 जून (हि.स.)। सनातन संस्कृति को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह भारत की परंपरा और संस्कृति का अभिन्न अंग है तथा राष्ट्र के कण-कण में विद्यमान है। यह बातें बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) काशी प्रांत के प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को संबोधित करते हुए काशी प्रांत के संगठन मंत्री नितिन भारत ने कहीं।
उन्होंने कहा कि विहिप का प्रत्येक कार्यकर्ता सामाजिक समरसता को बढ़ाने तथा राष्ट्रविरोधी एवं असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए देशहित में कार्य करने की प्रतिज्ञा लेता है। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा, हिंदू बहन-बेटियों की सुरक्षा, मठ-मंदिरों तथा पूज्य संतों के सम्मान के लिए परिषद के कार्यकर्ता निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यों के कारण जिहादी मानसिकता, धर्मांतरण के षड्यंत्र तथा समाज को भयभीत करने वाले तत्वों को करारा जवाब मिला है।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक चेतना और जनजागरण परिषद का प्रमुख उद्देश्य है। संतों और धर्माचार्यों के प्रवचनों, पदयात्राओं एवं सम्मेलनों के माध्यम से हिंदू समाज को जागृत करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हिंदू गौरव, पहचान, धर्मांतरण की रोकथाम तथा समाज को अपने मूल आदर्शों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लेकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नई तकनीकों को सीखने, संस्कार, अनुशासन, सहनशीलता, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास का अवसर मिलता है। इससे कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता और ऊर्जा में वृद्धि होती है तथा वे समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर पाते हैं।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के जागरण और संगठन के कारण आज कोई भी राष्ट्रविरोधी तत्व गौमाता, आस्था के केंद्रों, माता-बहनों, मठ-मंदिरों एवं संतों पर आक्रमण करने का साहस नहीं कर सकता। संगठित हिंदू समाज अपने स्वाभिमान और सम्मान पर हुए हमलों का उचित प्रतिकार करना जानता है।
विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत के प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हिंदू समाज की सुरक्षा, धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण तथा संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रांत अध्यक्ष कवींद्र प्रताप सिंह, प्रांत मंत्री डॉ. राज नारायण सिंह, सुरेश अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, डॉ. रविंद्र मोहन गोयल, प्रांत सह मंत्री प्रभुति कांत, अजय गुप्ता, संकर्षण पांडे, बृजभूषण महेश सिंह, विनेक त्रिपाठी, शुभांगी सिंह, डॉ. दीपा यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------

