परिजनों की फटकार से आहत किशोर ने निगला विषाक्त पदार्थ, इलाज के दौरान मौत
- DSS Admin
- May 19, 2026
मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के दांती गांव में परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर 16 वर्षीय किशोर ने विषाक्त पदार्थ निगल लिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
दांती गांव निवासी जवाहिर का पुत्र ललित सोमवार रात किसी बात को लेकर परिजनों की फटकार से नाराज हो गया। बताया गया कि गुस्से में उसने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल की सूचना पर मंगलवार को मड़िहान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी बाल मुकुंद मिश्र ने बताया कि परिजन फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

