सी आर पी एफ जवान का हार्ट फेल से निधन सैन्य सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार
- DSS Admin
- May 12, 2026

सुलतानपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के लंभुआ कोतवाली अंतर्गत मदनपुर पनियार गांव निवासी सीआरपीएफ जवान हलीम अहमद का हार्ट फेल से निधन हो गया। उन्हें सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव के कब्रिस्तान में मंगलवार दोपहर सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके निधन की खबर से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
देश सेवा में समर्पित रहे हलीम अहमद (35) वर्तमान में सीआरपीएफ की 93वीं बटालियन में आशियाना, लखनऊ में तैनात थे। विभाग में उनकी उत्कृष्ट सेवा और अनुशासन के कारण उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखा जाता था। उनकी अभी 7 साल की सेवा शेष थी, उन्होंने जुलाई 1991 में सीआरपीएफ जॉइन की थी।
परिजनों के अनुसार, 5 मई को प्रयागराज में ड्यूटी के दौरान उन्हें दूसरी बार हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल नजदीकी नारायण स्वरूप अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने अत्यधिक बीपी गिरने की बात कहते हुए हालत गंभीर बताई और उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें सरस्वती हार्ट केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत में सुधार न होने पर 7 मई को उन्हें मेदांता अस्पताल, लखनऊ रेफर किया गया। इलाज के दौरान 11 मई की सुबह लगभग 10 बजे उनका निधन हो गया। उन्हें पहली बार 2014 में इलाहाबाद पोस्टिंग के दौरान हार्ट अटैक आया था। देर रात लगभग 11 बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव मदनपुर पनियार लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उमड़ पड़े। सीआरपीएफ की टीम ने गांव पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। असिस्टेंट कमांडेंट धर्मेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर जीडी रोहित कुमार शुक्ला और एएसआई जीडी विजय कुमार सिंह सहित अन्य जवान इस दौरान मौजूद रहे। जवानों ने सलामी देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
हलीम अहमद अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके भाई शकील अहमद अफ्रीका और अकील सऊदी अरब में रहते हैं। उनके चाचा सैय्यद वकील अहमद सीआरपीएफ की 233 बटालियन, लखनऊ में सब इंस्पेक्टर हैं। उनके पिता, स्वर्गीय सैय्यद इश्तियाक अहमद, भी सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और उनका निधन 2004 में हो गया था। हलीम अहमद के एक बेटा (28 वर्ष, विवाहित) और एक बेटी (15) हैं।

