वाराणसी आने वाले देशी एवं विदेशी पर्यटकों को बेहतर अनुभव दिलाने के लिए मिलकर कार्य करें : केंद्रीय पर्यटन सचिव
- DSS Admin
- May 19, 2026
— पर्यटन को बढ़ावा देने एवं विश्व स्तरीय टूरिस्ट डेस्टिनेशन के लिए विस्तृत चर्चा
वाराणसी, 19 मई (हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने वाराणसी में आने वाले देशी एवं विदेशी पर्यटकों को बेहतर अनुभव दिलाने के लिए अफसरों को समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया है। वाराणसी में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं इसे विश्व स्तरीय टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए केंद्रीय पर्यटन सचिव ने मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में बैठक की।
वाराणसी शहर में पर्यटन की विश्व स्तरीय सुविधाओं के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं पर बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं विरासत संबंधी पर्यटन को और अधिक सशक्त बनाने, पर्यटकों हेतु आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्वच्छता, यातायात की बेहतर व्यवस्था तथा पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण पर बल दिया गया।
मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने वाराणसी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स से सभी को अवगत कराया तथा टूर ऑपरेटर्स, होटल्स, टूरिस्ट गाइड आदि संगठनों से उनके सुझाव भी मांगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं के विकास, डिजिटल सूचना प्रणाली तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति, व्यंजन आदि के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में टूरिज्म से जुड़े विभिन्न एसोसिएशन के लोग उपस्थित रहे। जिन्होंने अपने सुझाव सचिव के समक्ष रखते हुए उन्हें शामिल करने की बात कही। घरेलू पर्यटन बढ़ाने के लिए यूपी टूरिज्म के रोडशो आयोजित करने के सुझाव भी संस्थानों द्वारा दिए गए। पिछले बारह वर्षों में वाराणसी के सर्वांगीण विकास में लगभग 55000 करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की जा चुकी। अभी भी जहां और बेहतर कार्य करने है उन पर प्राथमिकता से ध्यान दिये जाने की बात कही गई।
बैठक में ट्रैफिक की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने पर भी चर्चा हुई। होटल एसोसिएशन ने पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए प्रशासनिक स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने, गंगा के उस पार को जोड़ने हेतु सिग्नेचर ब्रिज बनाए जाने का सुझाव दिए। घाट एसोसिएशन के राजेश्वर सिंह ने भी पर्यटन विकास हेतु सुझाव दिए।
बैठक में बताया गया कि वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम पुनर्निर्माण के बाद 2021-25 तक लगभग 44 करोड़ पर्यटक वाराणसी आए हैं जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में गुणात्मक वृद्धि हुई है। बैठक में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वीसी वीडीए पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार समेत जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

