जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का निरीक्षण कर दिये निर्देश
- DSS Admin
- May 18, 2026
- बैरकों की तलाशी, बंदियों के झोले-बैग भी खंगाले गए
मीरजापुर, 18 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सोमवार दोपहर जिला कारागार पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया तथा बंदियों के झोले एवं बैग भी खंगाले गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरक संख्या 1, 2, 5, 11, महिला बैरक एवं मेडिकल बैरक का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से जेल की बाउंड्रीवाल का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को चारों ओर कड़ी निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भोजनालय एवं पाकशाला का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता देखी तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों से भी जानकारी ली। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने बैरकों में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक ने बंदियों से कहा कि यदि किसी को कोई समस्या हो तो वह निडर होकर अपनी बात रख सकता है। वहीं जिलाधिकारी ने कारागार में तैनात सुरक्षाकर्मियों की बैठक लेकर निर्देश दिया कि बंदियों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए, लेकिन जेल नियमों का सख्ती से पालन भी सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक भी मौजूद रहे।
---------------

