अंदरूनी कलह दूर कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटी समाजवादी पार्टी

लखनऊ, 13 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी अब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुट गयी है। इसके लिए सबसे पहले उसका ध्यान कम वोटों से हुई जीत-हार पर है। ऐसे विधानसभा क्षेत्रों में अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर वहां अंदरूनी कलह को दूर करने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में हर विधानसभा का फीडबैक भी मंगाया गया है। वहां के अंदरनी कलह और उसके कारणों पर पार्टी पता लगा रही है, जिससे जल्द उसे निपटाकर कार्यकर्ताओं में एकजुटता का संदेश दिया जा सके।

पार्टी के एक प्रदेश स्तर के पदाधिकारी ने बताया कि मिल्कीपुर में हार के बाद पार्टी अब अंदरूनी कलह को दूर करने पर सबसे पहले काम करने जा रही है। पार्टी नेतृत्व को मानना है कि यदि कार्यकर्ताओं में जोश भरना है तो पहले अंदरूनी कलह दूर करना होगा। इसके साथ ही बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मजबूत कर एक-एक बूथ की समीक्षा की जाएगी। ताकि हर बूथ के लिए अलग से रणनीति बनायी जा सके।

पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में 29 विधानसभा सीटों पर 2000 से कम वोटों से हार-जीत हुई थी। इसमें 19 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। वहीं नौ पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। एक पर कांग्रेस के उम्मीदवार ने चुनाव जीता था। समाजवादी पार्टी अपने नौ सीटों को बरकरार रखते हुए कम अंतर से भाजपा द्वारा जीती गयी 19 सीटों को अपने पाले में लाने के लिए रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।

वरिष्ठ पत्रकार संतोष शुक्ला का कहना है कि जब भाजपा पांच साल तक चुनावी मोड में रहती है तो ऐसे में विपक्ष को भी अपनी सक्रियता उसी हिसाब से बढ़ानी होगी। समाजवादी पार्टी को जल्द ही अपनी हर कमेटी को मजबूत करना जरूरी है। अब प्रदेश में भाजपा और सपा ही प्रमुख पार्टियां रह गयी हैं। सपा ने यदि समय रहते चुनाव प्रबंधन को ठीक कर लिया तो वह चुनाव में बेहतर कर सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र नाथ राय

   

सम्बंधित खबर