उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने जमा किया मतदाता सूची पुनरीक्षण का गणना फॉर्म, नागरिकों से सहयोग की अपील
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को उपराष्ट्रपति भवन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान के तहत विधिवत भरा हुआ गणना फॉर्म जमा किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करते हुए चुनाव आयोग का सहयोग करने की अपील की।
उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) की टीम ने उपराष्ट्रपति भवन पहुंचकर गणना प्रक्रिया पूरी कराई। यह अभियान दिल्ली में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का हिस्सा है।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भी सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि चुनाव आयोग की यह पहल लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य लोकतंत्र को कमजोर करना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वास्तविक और पात्र मतदाता का मतदाता सूची में पंजीकरण होना चाहिए। साथ ही, एक ही व्यक्ति के नाम का एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होना (डबल एंट्री) समाप्त किया जाना आवश्यक है। जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, उनके नाम भी मतदाता सूची से हटाए जाने चाहिए, ताकि सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत जैसे सशक्त लोकतंत्र में निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनावों के लिए सटीक मतदाता सूची अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से चुनाव आयोग के साथ समन्वय और सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने का अधिकार है। इसके लिए आवश्यक प्रपत्रों को सही ढंग से भरकर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
-------------

