नगर निगम भर्ती घोटाला मामले में पूर्व चेयरमैन पाचू राय से ईडी की पूछताछ

कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। नगर निगम भर्ती भ्रष्टाचार मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दक्षिण दमदम नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन पाचू राय को सोमवार को पूछताछ के लिए तलब किया। उन्हें सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय बुलाया गया, जहां वह सुबह ही पहुंच गए। सूत्रों के अनुसार, नगर पालिका में अवैध नियुक्तियों को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि हाल ही में इसी मामले में गिरफ्तार किए गए राज्य के पूर्व मंत्री सुजीत बोस के साथ पाचू राय का आमना-सामना कराकर भी पूछताछ की जा सकती है। सुजीत बोस फिलहाल ईडी की हिरासत में हैं।

दक्षिण दमदम नगर पालिका में भर्ती प्रक्रिया को लेकर जांच के दौरान सुजीत बोस का नाम सामने आया था। ईडी का आरोप है कि नगर पालिका में अवैध रूप से नौकरी दिलाने के लिए करीब 150 अभ्यर्थियों के नामों की सिफारिश की गई थी। केंद्रीय जांच एजेंसी का दावा है कि इन सिफारिशों के बदले अनुचित लाभ लिया गया।

उल्लेखनीय है कि, पिछले सप्ताह सोमवार को सुजीत बोस को भी सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। लगभग साढ़े 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद ईडी अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। बाद में अदालत ने उन्हें 10 दिनों की ईडी हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

इधर, नगर निगम भर्ती घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दाखिल आरोपपत्र में भी पाचू राय का नाम शामिल है। इससे पहले भी इस मामले की जांच के सिलसिले में ईडी उन्हें कई बार तलब कर चुकी है और वह पूछताछ में शामिल होते रहे हैं।

हालांकि, पाचू राय ने पहले सभी आरोपों से इनकार किया था। उनका दावा था कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया और उन्हें केवल परेशान करने के उद्देश्य से पूछताछ के लिए बुलाया गया था।--------------------

   

सम्बंधित खबर