20 नवंबर को शिमला में प्रदर्शन करेगी युवा कांग्रेस

शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा और बिहार के चुनाव परिणामों के बाद कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। इसी मुद्दे को उठाते हुए युवा कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह 20 नवंबर को शिमला में विरोध प्रदर्शन करेगी और राजभवन तक मार्च निकालेगी।

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और हिमाचल युवा कांग्रेस प्रभारी शेष नारायण ओझा ने मंगलवार को शिमला में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पर मतदाता सूची में गड़बड़ियों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार भाजपा पर जनादेश चुराने का आरोप लगा रहे हैं और जो तथ्य सामने आए हैं, वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा हैं।

ओझा ने दावा किया कि कांग्रेस की जांच में हजारों ऐसे वोट सामने आए हैं जो ऐसे घरों में दर्ज हैं, जो असल में मौजूद ही नहीं हैं। कई मृत व्यक्तियों के नाम भी मतदाता सूची में सक्रिय पाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज हैं, जो सीधे-सीधे चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करते हैं।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस को जांच के दौरान ऐसे उदाहरण भी मिले हैं, जहां ब्राज़ील की एक मॉडल के नाम पर 22 वोट दर्ज पाए गए। इतना ही नहीं, एक विधानसभा क्षेत्र में एक ही महिला की 100 तस्वीरें मतदाता सूची में शामिल थीं। एक बूथ पर एक बुजुर्ग महिला के नाम से 223 वोट दर्ज मिले, जबकि वह महिला वास्तव में अस्तित्व में ही नहीं थी। ओझा ने इसे भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत बताते हुए कहा कि हरियाणा में जनता का जनादेश छीन लिया गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की हार के बाद भी कांग्रेस जनादेश चोरी के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की पसंद को जबरन बदलकर सत्ता पर काबिज हो रही है।

ओझा ने चुनाव आयोग से इन सभी मामलों की तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है और 20 नवंबर का शिमला मार्च इसी आंदोलन का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर