चुनावी नतीजों से खिसकी सुक्खू सरकार की जमीन, विधानसभा चुनाव में होगी करारी हार : जयराम ठाकुर
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
मंडी, 02 जुलाई (हि.स.)। मंडी नगर निगम के बाद अब जिला परिषद पर भी भाजपा का परचम फहराया गया है। जिला परिषद वार्ड नंबर 21 खिलड़ा से सदस्य अमरू राम निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष चुने गए। जबकि के वार्ड नंबर नौ थाची से जिला परिषद सदस्य बोदी देवी उपाध्यक्ष चुनी गई। जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को निर्वाचन प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन द्वारा संपन्न की गई। इसके उपरांत पीठासीन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सदर से विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, विनोद कुमार, राकेश जमवाल, इंद्र सिंह, दलीप ठाकुर, पूर्ण चंद ठाकुर, दीपराज सहित जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह तथा जिला पंचायत अधिकारी एवं सचिव जिला परिषद अंकित डोगरा भी उपस्थित रहे। इसके पश्चात ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का जश्न मनाया गया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत और स्थानीय नगर निकाय चुनावों के हालिया नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और कार्यप्रणाली से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। जिसके कारण अब सरकार के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि इन चुनावों ने आने वाले विधानसभा चुनावों की पटकथा लिख दी है। जहां कांग्रेस सरकार का इससे भी बुरा हश्र होगा और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ एकतरफा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर, रातों-रात नियमों में बदलाव कर रही है। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर तरह-तरह के प्रशासनिक व राजनीतिक दबाव बनाकर चेयरमैन, वाइस चेयरमैन तथा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के पदों पर जबरन कब्जा करने की साजिशें रच रही है। लेकिन जनता और विपक्ष उनके इस षडयंत्र को कभी कामयाब नहीं होने देंगे।
इससे पूर्व उन्होंने जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की निर्विरोध विजय के उपलक्ष्य में आयोजित विजय रैली में शिरकत की। नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के सभी जिला परिषद सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ भी दी।
वहीं वीरवार सुबह ही जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव से पहले 29 सदस्य पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मिले और मंडी सर्किट हाउस में बैठक कर अध्यक्ष पद के लिए खिलडा वार्ड से सदस्य अमरू राम और उपाध्यक्ष के लिए थाची वार्ड से बोदी देवी के नाम पर सर्वसहमति बनाई।
---------------

