फरीदकोट में AAP सरपंच पर फायरिंग:पेट में गोली लगी, आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद; MLA मिलने पहुंचे

पंजाब में फरीदकोट के पहलुवाला गांव में शनिवार को आम आदमी पार्टी के सरपंच पर फायरिंग हुई है। इस घटनाक्रम के दौरान पेट में गोली लगने से घायल हुए सरपंच जसवंत सिंह सोढ़ी को इलाज के लिए फरीदकोट के गुरु गोविंद सिंह मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गोली चलाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को सरपंच जसवंत सिंह का गांव के रहने वाले सुखवंत सिंह के साथ किसी बात को लेकर मामूली बहस हो गई, जिसके बाद चलते आरोपी सुखवंत सिंह ने अपनी पिस्तौल से सरपंच पर फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगी इस दौरान सरपंच जसवंत सिंह सोढ़ी के पेट में गोली लगी। इस मामले में गांव के पूर्व सरपंच गुरजीत सिंह ने बताया कि फायरिंग करने का कारणों का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है और सूचना के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस मामले की सूचना पर विधायक गुरदित्त सिंह सेखों भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंचे और घायल सरपंच का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि गोली पेट की अंतड़ी में लगी है जिसके लिए उनका ऑपरेशन हो रहा है और उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह घटना मामूली तकरार से हुई है और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी त्रिलोचन सिंह और राज कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपी सुखवंत सिंह को महज आधे घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयोग पिस्टल भी बरामद कर ली है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी की सरपंच के साथ किसी मामूली बात को लेकर तकरार हुई थी, जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।

   

सम्बंधित खबर