भास्कर न्यूज | जालंधर रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग कार्यालय में इस समय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि नकद भुगतान करके टिकट लेने वाले काउंटर पर लोगों की कितनी लंबी लाइन लगी हुई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में लोग घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि जहां नकद वाले काउंटर पर पैर रखने की जगह नहीं है, वहीं ठीक बगल में ऑनलाइन पेमेंट वाला काउंटर पूरी तरह बंद पड़ा है और उस पर विंडो क्लोज्ड का बोर्ड लटका दिया गया है। अगर यह ऑनलाइन पेमेंट वाला काउंटर खुला होता, तो कैश वाले काउंटर पर न तो इतनी लंबी लाइन लगती और न ही इतनी भीड़ जमा होती। इससे ऑनलाइन भुगतान करने वाले यात्रियों का काफी समय बचता और डिजिटल इंडिया की सुविधा का लाभ सीधे आम जनता को मिलता। रेल प्रशासन को इस गंभीर समस्या का तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और बंद पड़े ऑनलाइन काउंटर को जल्द से जल्द चालू करना चाहिए ताकि आम यात्रियों को इस परेशानी से राहत मिल सके।

