जालंधर देहाती पुलिस की बड़ी कार्रवाई:गैंगस्टर डोनी बल गैंग के दो मुख्य गुर्गे को अवैध हथियारों सहित किया गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
जालंधर देहाती की सीआईए स्टाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में छिपे कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल गैंग के मुख्य सरगना और उसके एक अन्य साथी हथियार तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से एक स्विफ्ट कार (नंबर PB02-DU-4004), 30 बोर की एक पिस्तौल (3 मैगजीन और 9 जिंदा कारतूस), एक 12 बोर की पंप एक्शन गन और एक अन्य 32 बोर की पिस्तौल (2 जिंदा कारतूसों के साथ) बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू (निवासी अमृतसर) और मनीष उर्फ जंसा (निवासी होशियारपुर) के रूप में हुई है, जिन पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। जालंधर देहाती पुलिस के दिशा-निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ चलाई गई विशेष मुहिम के तहत पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली है। यह पूरी कार्रवाई एसपी (इन्वेस्टिगेशन) श्री विनीत ऐहलावत (IPS) और डीएसपी श्री लखविंदर सिंह की अगुवाई में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर पुश्प बाली की टीम द्वारा अंजाम दी गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस गैंग के सदस्य इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं, जिसके बाद तकनीकी सोर्स और नाकेबंदी की मदद से इन्हें दबोचा गया। आरोपी 2017 में गैंगस्टर डोनी बल संपर्क में आया था पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू साल 2017 में अमृतसर जेल में बंद रहने के दौरान गैंगस्टर डोनी बल के संपर्क में आया था। जेल के अंदर ही इन लोगों ने मिलकर अपना एक अलग गैंग तैयार किया, जिसका संबंध जगू भगवानपुरिया गैंग की दुश्मनी से भी जुड़ा हुआ है। जगू भगवानपुरिया गैंग से दुश्मनी के चलते सुखजिंदर सिंह जालंधर देहाती के बिलगा और महितपुर इलाके में छिपकर रह रहा था और उसने अपनी सुरक्षा तथा वारदातों के लिए भारी मात्रा में अवैध हथियार जमा कर रखे थे। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि मार्च 2026 में महितपुर पुलिस द्वारा बरामद की गई एक विदेशी ग्लॉक पिस्तौल भी विदेश में बैठे डोनी बल ने ही सुखजिंदर बिट्टू के जरिए भिजवाई थी। इसके अलावा, पुलिस ने इसके एक और साथी मनीष उर्फ जंसा को भी नहर पुली (पिंड डैली कलां) के पास से गिरफ्तार किया है। मनीष के पास से 32 बोर की पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियो का अपराधिक रिकॉर्ड पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद खौफनाक है। सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू के खिलाफ अमृतसर, तरनतारन और जालंधर के विभिन्न थानों में हत्या (धारा 302), हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 12 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, मनीष उर्फ जंसा के खिलाफ भी होशियारपुर के थानों में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।

