भास्कर न्यूज़ | जालंधर जालंधर में नगर निगम ने अस्थायी अवैध कब्जों के खिलाफ विशेष मुहिम को लगातार जारी रखा है। इस अभियान के तहत मेयर वनीत धीर, आयुक्त संदीप ऋषि, आईएएस और डॉ. मनदीप कौर, संयुक्त आयुक्त के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तहबाजारी शाखा की टीम ने बस्ती बावा खेल क्षेत्र का दौरा कर सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अवैध कब्जों की जांच की। जांच के दौरान राज नगर के पास स्थित मीट मार्केट के दुकानदारों को सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथों पर सामान रखकर किए जा रहे कब्जों को लेकर सख्त चेतावनी दी गई। नगर निगम ने दुकानदारों से कहा कि वे तुरंत सामान को निर्धारित सीमा के भीतर रखें और किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें। टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में उल्लंघन मिलने पर नियमों के अनुसार, बिना किसी अन्य नोटिस के, सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई तहबाजारी सुपरिंटेंडेंट कुलविंदर सिंह नागरा के नेतृत्व में हुई। मौके पर तहबाजारी इंस्पेक्टर भवनीत खोखर, आतुश गुप्ता और बलजिंदर सिंह सहित शाखा की टीम मौजूद रही।

