मोगा में नशा न मिलने पर युवक ने दी जान:चिट्टा खरीदने गया था लेकिन पैसा न होने पर नही दी, आरोपियों ने घर से एलसीडी लाने को कहा था

पंजाब में नशे की गिरफ्त के कारण युवाओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मोगा जिले के बाघापुराना निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव मालके से सामने आया है, जहां कथित तौर पर 'चिट्टा' (सिंथेटिक ड्रग) न मिलने और मानसिक तनाव के कारण एक 26 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान गांव मालके (थाना बाघापुराना) निवासी लाभहीरा सिंह (26) के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूरी का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही थाना समालसर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, मोगा भेज दिया। नशा मुक्ति केंद्र से लौटकर दोबारा दलदल में फंसा मृतक के भाई बूटा सिंह ने रोते हुए बताया कि लाभहीरा सिंह पहले चिट्टे के नशे का आदी हो चुका था। परिवार ने काफी प्रयासों के बाद उसे एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था, जहां वह पूरी तरह ठीक होकर लौट आया था। लेकिन, पड़ोस में सक्रिय नशा तस्करों के कारण वह दोबारा इस खतरनाक दलदल में फंस गया। एलसीडी या पैसे लाने पर ही नशा देने का था दबाव परिवार ने पड़ोस में रहने वाले सुखचैन सिंह और उसकी पत्नी सीमा कौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बूटा सिंह के अनुसार, यह दंपति लंबे समय से इलाके में खुलेआम चिट्टा बेचने का धंधा कर रहा है। आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं, लेकिन जमानत पर बाहर आते ही वे फिर से नशा बेचना शुरू कर देते हैं। परिजनों का आरोप है कि रविवार को लाभहीरा सिंह आरोपियों के घर चिट्टा लेने गया था, लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। इस पर उसे नशा देने से मना कर दिया और कहा कि या तो वह घर से नकद पैसे लेकर आए या फिर घर की एलसीडी (LCD) निकालकर उन्हें सौंप दे। नशा न मिलने की तड़प और मानसिक रूप से प्रताड़ित होने के कारण लाभहीरा सिंह वापस घर लौटा और मानसिक तनाव में आकर फंदा लगा लिया। पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी जारी इस पूरी घटना पर थाना समालसर के एसएचओ (ASI) मंगल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मृतक के भाई गुरप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर नामजद आरोपी सुखचैन सिंह और उसकी पत्नी सीमा कौर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग मृतक के परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब तक ऐसे बेखौफ घूम रहे बड़े नशा तस्करों पर नकेल नहीं कसी जाएगी, तब तक पंजाब के अन्य घरों के चिराग इसी तरह बुझते रहेंगे।

   

सम्बंधित खबर