पार्षदों की समस्याओं को लेकर मेयर विधान उपाध्याय ने की बैठक
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
पश्चिम बर्दवान, 15 जून (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के पार्षदों और बोरो चेयरमैनों को कामकाज में आ रही दिक्कतों को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कल्याणपुर में हुई इस बैठक की अध्यक्षता मेयर विधान उपाध्याय ने की। बैठक में नगर निगम के चेयरमैन, डिप्टी मेयर, मेयर परिषद सदस्य, बोरो चेयरमैन और विभिन्न वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।
बैठक के बाद मेयर ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद कई पार्षदों को क्षेत्र में काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के बीच भी पार्षदों की कार्यक्षमता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी वजह से सभी जनप्रतिनिधियों से उनकी समस्याओं और अनुभवों पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि कई बोरो चेयरमैन कार्यालय नहीं जा पा रहे हैं और कुछ पार्षदों ने नगर निगम कार्यालय आना भी कम कर दिया है। कई जनप्रतिनिधियों ने परेशान करने और दबाव बनाने जैसी समस्याओं की भी बात रखी।
इन सभी विषयों पर चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि पूरे मामले को राज्य के नगर एवं शहरी विकास मंत्री के समक्ष पत्र के माध्यम से रखा जाएगा और उनसे चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
मेयर से जब उनके पद छोड़ने की संभावना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस पर अभी कोई टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी और समय आने पर स्थिति स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि नगर निगम के 10 बोरो चेयरमैनों में से एक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं और एक पार्षद ने भी पद छोड़ दिया है।
---------------

