बटाला में घर पर चलाई गोलियां, यूके भेजी तस्वीरें:इंग्लैंड में पढ़ रहे युवक से मांगे थे 1 करोड़, सहमे बेटे ने पिता को नहीं दी थी जानकारी
- DSS Admin
- Jun 26, 2026
बटाला के नजदीकी गांव हरदोझंडे में देर रात अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों द्वारा एक कोठी को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कोठी के मुख्य गेट पर करीब 5 राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि गोलियां गेट पर लगीं, जिससे परिवार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वारदात के पीछे इंग्लैंड में पढ़ाई कर रहे परिवार के इकलौते बेटे से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। गोलियां चलाने के बाद आरोपियों ने तस्वीरें यूके भेज दी। सुबह बेटे का फोन आने पर लगा पता पीड़ित कोठी मालिक लखबीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा स्टडी वीजा पर इंग्लैंड गया हुआ है। कुछ दिनों से वहां उसे अज्ञात बदमाशों द्वारा 1 करोड़ रुपये की फिरौती देने के लिए धमकाया जा रहा था। लखबीर सिंह ने बताया कि वे शुगर का मरीज हैं, इसलिए मेरे बेटे ने मुझे इस धमकी के बारे में पहले कुछ नहीं बताया ताकि मैं परेशान न हो जाऊं। बीती रात हमारे घर पर गोलियां चलीं, लेकिन हमें रात में पता नहीं चला। आज सुबह जब इंग्लैंड से बेटे का फोन आया और उसने हमें घर का मुख्य गेट देखने को कहा, तब जाकर हमें इस खौफनाक वारदात का पता चला। लखबीर सिंह के मुताबिक, हमलावरों ने घर पर फायरिंग करने के बाद उसकी तस्वीरें और वीडियो भी उनके बेटे को इंग्लैंड में व्हाट्सएप पर भेजी हैं, ताकि परिवार को डराया जा सके। पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा घटना के बाद सहमे हुए परिवार ने तुरंत गांव के सरपंच और स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सदर के एसएचओ बिक्रमजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि गांव हरदोझंडे से फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़ित लखबीर सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाला जा रहा है। पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है और दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

