बागबाजार के ऐतिहासिक मां के घाट पर स्वच्छता अभियान, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी हुए शामिल
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
कोलकाता, 17 जून (हि. स.)। कोलकाता के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व वाले बागबाजार स्थित मां के घाट पर बुधवार सुबह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। उनके साथ राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल, उद्योग मंत्री तापस राय तथा सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती भी मौजूद रहीं। इस दौरान अग्निमित्रा पाल और पूर्णिमा चक्रवर्ती ने स्वयं झाड़ू लगाकर घाट की सफाई में हिस्सा लिया।
राज्य सरकार गंगा घाटों की स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चला रही है और इसी क्रम में बागबाजार के मां के घाट पर व्यापक सफाई अभियान आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने घाट की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बागबाजार का मां का घाट पश्चिम बंगाल के सबसे प्रसिद्ध और श्रद्धालुओं से जुड़े घाटों में गिना जाता है। आध्यात्मिक दृष्टि से इसका विशेष महत्व है। माना जाता है कि मां शारदा देवी, स्वामी रामकृष्ण परमहंस के ब्रह्मलीन होने के बाद लगभग 12 वर्षों तक बागबाजार में रहीं और इसी गंगा घाट पर स्नान किया करती थीं। इस ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्त पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट संकेत दिया कि इस महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल की स्वच्छता को लेकर सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और घाट की गरिमा बनाए रखने के लिए नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।

