नगर निगम के मुलाजिमों ने दी हड़ताल की चेतावनी

भास्कर न्यूज | जालंधर नगर निगम के मुलाजिमों का आंदोलन जारी है। वह सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की प्राइवेटाइजेशन का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को नगर निगम की ड्राइवर एंड टेक्निकल यूनियन ने काम बंद रखा। सफाई का काम प्रभावित रहा। संगठन के अध्यक्ष शमी लूथर ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक काम बंद रखा जाएगा। शुक्रवार की सुबह नगर निगम के बाहर कूड़े से भरी कुछ गाड़ियां खड़ी थीं। लूथर ने कहा कि एक दिन पहले नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि और मेयर वनीत धीर को मांगों के बारे में अवगत कराया था। इसका कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। इसलिए उन्होंने काम रोक दिया है। अगली रणनीति यह है कि नगर निगम कमिश्नर और मेयर के साथ इस पर फैसला लिया जाए, तब तक काम नहीं किया जाएगा। आंदोलन की अगली रणनीति सोमवार 17 तारीख को पूरी यूनियन के साथ बैठक करके तय की जाएगी कि कब तक काम बंद रखा जाएगा। शमी लूथर ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे पूरी तरह से हड़ताल पर चले जाएंगे और नगर निगम के दफ्तर भी बंद कर देंगे।

   

सम्बंधित खबर