पांवटा में बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव टला, बहुमत साबित नहीं कर पाए भाजपा-कांग्रेस

नाहन, 10 जून (हि.स.)। पांवटा साहिब में पंचायत समिति (बीडीसी) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर मंगलवार को पांवटा ब्लॉक कार्यालय में पूरे दिन राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। भाजपा और कांग्रेस दोनों दल अपने-अपने समर्थक सदस्यों के साथ में जुटे रहे, लेकिन कोई भी पक्ष आवश्यक बहुमत साबित नहीं कर पाया। इसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका।

ब्लॉक कार्यालय में सुबह से ही दोनों दलों के नेताओं और समर्थकों की आवाजाही लगी रही। इस दौरान पांवटा के पूर्व विधायक भी अपने समर्थक सदस्यों के साथ पहुंचे, वहीं विधायक सुखराम चौधरी भी अपनी टीम के साथ ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और राजनीतिक समीकरण साधने में जुटे रहे। हालांकि दिनभर चली बैठकों और चर्चाओं के बावजूद किसी भी दल को स्पष्ट समर्थन नहीं मिल पाया।

निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं, लेकिन आवश्यक बहुमत के अभाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन नहीं हो सका। चुनाव टलने के बाद ब्लॉक कार्यालय परिसर में राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी रहा।

मीडिया से बातचीत में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं ने दावा किया कि उनके पास पर्याप्त समर्थन है और आने वाले समय में वे अपने प्रत्याशी को अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित कराने में सफल रहेंगे। दोनों पक्षों ने अपने-अपने समर्थकों के एकजुट होने का भरोसा भी जताया।

फिलहाल बहुमत के आंकड़े को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण पंचायत समिति की राजनीति में सस्पेंस बरकरार है। अब सभी की नजरें आगामी चुनाव प्रक्रिया पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि पांवटा पंचायत समिति की कमान आखिर किस दल के हाथ में जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर