चंडीगढ़-पंजाब कल से बारिश का अलर्ट:बठिंडा में पारा 44.4°C पहुंचा तापमान, चंडीगढ में आज हीट वेव; वॉर्म नाइट से लोग परेशान
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में गर्मी और उमस लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ की ओर से बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं जरूर चलीं, लेकिन इसके बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। पंजाब के कई इलाकों में दिन के समय लू जैसे हालात बने रहे, जबकि रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कई जगहों पर वॉर्म नाइट की स्थिति दर्ज की है, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही। पंजाब का सबसे गर्म इलाका बठिंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में उमस ने बढ़ाई परेशानी, रातें भी हो रहीं गर्म ट्राईसिटी में गर्मी के साथ उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। चंडीगढ़ सिटी का अधिकतम तापमान 39.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3°C अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.3°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7°C ज्यादा है। इससे रात के समय भी लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आज बादल छाएंगे और उमस बनी रहेगी मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से 4 जुलाई तक चंडीगढ़ ओर पंजाब में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, एक जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और यह 40 डिग्री से घटकर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आज राहत नहीं, जुलाई की शुरुआत में बदलेगा मौसम मौसम विभाग के मुताबिक आज को गर्मी और उमस से राहत के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। महीने के आखिरी दिन पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम मुख्य रूप से साफ या आंशिक बादलों वाला रहेगा। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन मौसम विभाग ने इस दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। 1 जुलाई से शुरू होगा मौसम का बदलाव जुलाई की शुरुआत के साथ ही मौसम में बदलाव आएगा। मौसम विभाग ने 1 जुलाई के लिए आंधी-तूफान और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 2, 3 और 4 जुलाई को पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने की संभावना रहेगी। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

