मछली पकड़ने के दौरान हथियार बरामद, दो जगह पुलिस कार्रवाई
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
कोलकाता, 14 जून (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के गोसाबा क्षेत्र में रविवार एक तालाब से हथियार बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति अपनी बेटी के साथ रोज की तरह तालाब में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान लड़की के पैर में पानी के अंदर कोई कठोर वस्तु टकराई। जब उसे बाहर निकाला गया तो प्लास्टिक में लिपटा एक देशी रिवॉल्वर देखकर सभी हैरान रह गए।घटना गोसाबा थाना क्षेत्र के पाठानखाली बेलतला इलाके की है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के अन्य तालाबों में भी तलाशी अभियान चलाया, हालांकि वहां से कोई अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तालाब के मालिक अमजेद सरदार अपनी बेटी के साथ मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान यह हथियार मिला।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि अपराधियों ने पुलिस कार्रवाई से बचने या सबूत मिटाने के उद्देश्य से हथियार को तालाब में फेंक दिया होगा।
इधर उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा थाना क्षेत्र के कुमड़ा ग्राम पंचायत के कलतला विश्वासपाड़ा इलाके में भी एक तालाब से हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं। सुबह मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों के पैर में एक बैग फंसा। बैग बाहर निकालने पर उसमें प्लास्टिक में लिपटी चार बंदूकें और तीन प्रकार की गोलियां मिलीं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर हाबरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
---------------

