कर्नाटक से 30 पार्षद चंडीगढ़ की सफाई देखने पहुंचे:डोर-टू-डोर कलेक्शन, रिसाइक्लिंग और डिजिटल सिस्टम को बताया बेस्ट, कहा- अपने शहर में अपनाएंगे मॉडल
- Admin Admin
- Jul 24, 2025
कर्नाटक के होसदुर्गा से 30 लोगों की एक टीम चंडीगढ़ नगर निगम की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन प्रणाली को समझने के लिए यहां पहुंची। इस टीम में 23 चुने हुए पार्षद, 5 नामित सदस्य और 2 वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। चंडीगढ़ नगर निगम के अधिकारियों ने टीम का स्वागत किया और उन्हें शहर की सफाई व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नगर निगम की टीम ने प्रेजेंटेशन के जरिए बताया कि चंडीगढ़ में डोर-टू-डोर कचरा इकट्ठा किया जाता है, घर पर ही कचरे को गीला और सूखा अलग करने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। MRF के जरिए रिसाइक्लिंग कचरे की प्रोसेसिंग आधुनिक तकनीकों से की जाती है और मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) के जरिए रिसाइक्लिंग होती है। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू है। यह मॉडल होसदुर्गा की टीम को अपने शहर के लिए प्रेरणादायक लगा। तकनीक से हुई प्रभावित, कहा अपनाएंगे मॉडल टीम को शहर के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और MRF सेंटर का दौरा भी करवाया गया, जहां उन्होंने चंडीगढ़ की सफाई व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि होसदुर्गा से आई टीम ने चंडीगढ़ की सफाई व्यवस्था की सराहना की और कहा कि वे यहां की टिकाऊ और असरदार तकनीकों को अपने शहर में भी अपनाना चाहते हैं। खासकर उन्हें चंडीगढ़ की डिजिटल निगरानी प्रणाली और नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था बहुत पसंद आई।



