उपमुख्यमंत्री ने प्रताप जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि, वीरता और स्वाभिमान के आदर्शों को किया नमन
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
जयपुर, 17 जून (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के पावन अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिनका जीवन संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान और स्वतंत्रता से कभी समझौता नहीं किया तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सत्य, सम्मान और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उनके आदर्श आज भी युवाओं सहित समूचे समाज को देशभक्ति, साहस और आत्मसम्मान का संदेश देते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
---------------

