कानपुर, 01 दिसम्बर (हि.स.)। श्रीमद् भगवद्गीता वैदिक न्यास के तत्वावधान में सोमवार को मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष एकादशी पर पूर्व निर्धारित विशाल गीता संदेश मानव श्रृंखला का जनपद के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी आम जनमानस, छात्रों, युवाओं, व्यवसायियों, श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने मानव श्रृंखलाओं का निर्माण किया। अत्यन्त उत्साह एवं ऐतिहासिक संख्या में विगत वर्ष से ज्यादा विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण कर आध्यात्मिक इतिहास में एक नया प्रतिमान स्थापित करने का कार्य श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक न्यास के नेतृत्व में किया गया।
श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक न्यास के अध्यक्ष डा उमेश पालीवाल द्वारा आयोजित गीता संदेश मानव श्रृंखला के संयोजक कमल त्रिवेदी ने बताया कि यह आध्यात्मिक जन आंदोलन आज एक विशाल वट वृक्ष का रूप ले रहा है। कार्यक्रम में संगठनों ने 1000 से अधिक स्थानों पर विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण कर कानपुर से प्रारम्भ हुए आध्यात्मिक जनआंदोलन को आज एक दिशा प्रदान कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक न्यास के महामंत्री परमानंद शुक्ला ने जानकारी देते हुये बताया कि पूरे प्रांत में विभिन्न चौराहों, मार्गाें एवं अपने परिसरों में गीतानुरागियों की टीम के सहयोग से सफल मानव श्रृृंखलाएं बनायी तथा समाज हित में पूर्व निर्देशानुसार चौराहों में एवं व्यस्तम मार्गो में यह भी ध्यान रखने का प्रयास किया कि किसी तरह से मार्ग अवरूद्व न हो एवं जन जन का यह आध्यात्मिक आंदोलन विशेष स्थान को प्राप्त करे।
डा पालीवाल ने बताया कि न्यास विगत पॉच वर्षों से सभी भगवद प्रेमी पदाधिकारियों एवं सदस्यगणों के निरन्तर सहयोग से गीता के संदेश को आम जनमानस में पहुंचाकर आत्मोत्थान से राष्ट्रोत्थान के उद्देश्य को परिपूर्ण करने में संलग्न है, आगे भी इस अभियान को और व्यापकता प्रदान की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप



