फरीदकोट में कार से 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन बरामद:पुलिस देखकर तस्कर फरार, आईफोन और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला

फरीदकोट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन बरामद की है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी अपने दो साथियों के साथ कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना सिटी-2 फरीदकोट के एसएचओ सुखविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ फिरोजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि नशा तस्करी का आदी बलबीर बस्ती फरीदकोट निवासी करण शर्मा अपनी वरना कार में हेरोइन लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही करण शर्मा अपने दो अज्ञात साथियों के साथ कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 20 मोमी लिफाफे, एक आईफोन, एक पर्स, जिसमें 500 रुपये नकद, आरोपी का आधार कार्ड तथा कार के दस्तावेज बरामद हुए। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है-एसएचओ इस मामले में थाना सिटी-2 के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर