अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार काे, शहरभर में होंगे विविध आयोजन
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
जोधपुर, 20 जून (हि.स.)। बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग दिवस को लेकर पिछले कई दिनों से विभिन्न संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों की ओर से योगाभ्यास सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सम्राट अशोक उद्यान में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी रहेगी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन पूर्व मरुधरा खेलकूद विकास संस्थान की ओर से शाला कीड़ा संगम गौशाला मैदान में योग अभ्यास एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि आज योग केवल भारत की परंपरा नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के स्वास्थ्य, संतुलन और कल्याण का माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी के विशेष कमांडो दल द्वारा युवाओं एवं महिलाओं के लिए विशेष सेल्फ डिफेंस प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं और युवाओं में आत्मरक्षा, आत्मविश्वास तथा सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही वर्ष 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं युवा खिलाडिय़ों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा, शहर विधायक अतुल भंसाली, आईपीएस पंकज यादव, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कच्छवाहा, जगत नारायण जोशी आदि उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर द्वारा आयोजित योग सप्ताह कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत जसवंत थड़ा परिसर में सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि कार्यक्रम में शहर विधायक अतुल भंसाली की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक गजराज सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान के अभ्यास करवाया। अक्षिता कच्छवाहा ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति के लिए मेडिटेशन भी करवाया। क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के सचिव नीरज कौशिक ने बताया कि अहमदाबाद में संपन्न हुई प्रथम वल्र्ड योगासन चैंपियनशिप ओर दिल्ली में संपन्न हुई द्वितीय एशियन योगासन चैंपियनशिप के विजेता खिलाडिय़ों का सम्मान किया गया।
राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर द्वारा प्रदत्त निर्देशों के क्रम में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जोधपुर में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम एवं योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रात: 7 बजे से 7.30 बजे तक जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर जोधपुर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात प्रात: 8 बजे केन्द्रीय कारागृह में योग शिविर तथा प्रात: 9 बजे सर प्रताप विधि महाविद्यालय में योग शिविर का आयोजन प्रस्तावित है।

