राजगढ़ः खेत से ट्रैक्टर-कल्टीवेटर चोरी, पुलिस की घेराबंदी से 20 किमी दूर छोड़कर भागे बदमाश

राजगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के रामपुरिया गांव में खेत से ट्रैक्टर और कल्टीवेटर चोरी का मामला सामने आया है। किसान की सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की तो बदमाश ट्रैक्टर को करीब 20 किलोमीटर दूर मलावर के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को वाहन बरामद कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर थानाप्रभारी शिवराज सिंह चैहान ने बताया कि ग्राम रामपुरिया निवासी किसान रूपसिंह पुत्र अमरसिंह वर्मा गुरुवार रात अपने ट्रैक्टर (एमपी-39-एए-5824) से खेत में हकाई कर रहे थे। रात करीब 10 बजे काम पूरा होने के बाद उन्होंने ट्रैक्टर और कल्टीवेटर खेत में ही खड़ा कर दिया और घर चले गए। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे जब वे खेत पहुंचे तो ट्रैक्टर और कल्टीवेटर गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में घेराबंदी कर संभावित मार्गों पर तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता के चलते बदमाश ट्रैक्टर को घटनास्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर मलावर के पास लावारिस हालत में छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने ट्रैक्टर और कल्टीवेटर को जब्त कर लिया। फिलहाल अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर