महाराष्ट्र के पुणे में निजी बस खाई में गिरी, 2 की मौत, २० घायल

मुंबई, 28 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिला स्थित पाबे घाट पर रविवार को तडक़े एक निजी बस करीब ५० फीट नीचे खाईं में गिर गयी। इस हादसे दो लोगों की मौत हो गई और २० घायल हो गए। इस घटना में सभी घायलों का इलाज वेल्हे सरकारी ग्रामीण अस्पताल में हो रहा है। घटना की छानबीन वेल्हे पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे वेल्हे पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक किशोर शेलके ने बताया कि आज तडक़े एक निजी बस पाबे गांव से राजगढ़ किले की जा रही थी। बस में ड्राइवर सहित २२ लोग सवार थे। जैसे ही बस पाबे घाट पर पहुंची ताे, वह एक मोड़ पर अनियंत्रित हो कर करीब ५० फीट गहरी खाईं में पलट गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और डिजास्टर मैनेजमेंट टीम की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और घटनास्थल से शवों और घायलाें को निकाला गया।

मृतकों की पहचान विश्वास बाबूराव सातम (25) और ध्वनि चंद्रेश ठक्कर (23) के तौर पर की गई है। ड्राइवर संदीप तुकाराम गायकवाड़ भी पलटी हुई गाड़ी के नीचे फंस गया था और ड्राईवर सहित करीब २० लोगों का इलाज जारी है। इस घटना में पुलिस ने ड्राइवर के विरुद्ध लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर लिया है, मामले की आगे की छानबीन जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर