‘कृषि मित्र’ भर्ती का फर्जी विज्ञापन, महाराष्ट्र सरकार ने किया सावधान
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
मुंबई, 11 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी का एक फर्जी विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ‘कृषि मित्र’ भर्ती के इस फर्जी विज्ञापन को लेकर राज्य सरकार ने युवाओं को सतर्क रहने और किसी धोखाधड़ी में न फंसने की अपील की है। कृषि मंत्री दत्तात्रेय भराणे ने अपील की है कि ऐसे किसी भी झूठे विज्ञापन पर विश्वास न करें और किसी के झांसे में न आएं।
कृषि मंत्री भरणे के अनुसार यह देखा गया है कि कुछ लोग सोशल मीडिया व दूसरे मीडिया के ज़रिए ‘कृषि मित्र’ भर्ती के नाम पर फर्जी विज्ञापन फैलाकर किसानों, युवाओं और नागरिकों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। कृषि विभाग द्वारा लागू की गई किसी भी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी केवल सरकार की अधिकृत वेबसाइट, मीडिया या संबंधित कार्यालय के ज़रिए ही दी जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बिना वेरिफिकेशन वाले विज्ञापनों, एप्लीकेशन फीस भरने के निर्देशों, पर्सनल बैंक अकाउंट में पैसे जमा करने की अपील या संदिग्ध लिंक के झांसे में न आएं।
कृषि मंत्री ने कहा कि नागरिकों को ठगने की कोशिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। झूठे और गुमराह करने वाले विज्ञापन फैलाकर धोखाधड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ कृषि विभाग की ओर से आपराधिक मामला दर्ज कराया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि अगर उन्हें कोई भी संदिग्ध विज्ञापन या मैसेज मिले तो वे तुरंत संबंधित कृषि विभाग के कार्यालय या स्थानीय पुलिस प्रशासन को बताएं।
---------------

