नहीं लौटाने हैं महिलाओं को 10- 10 हजार रुपये,कांग्रेस और राजद फैला रही भ्रांति:दिलीप जायसवाल
- Admin Admin
- Nov 06, 2025
अररिया 06 नवम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज हवाई अड्डा के मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी जनसभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जीविका दीदी योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए दिए गए 10-10 हजार रुपये नहीं लौटाए जाने की बात कही।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के अकाउंट में आए 10 हजार रूपये को नहीं लौटाना है। यह पैसे उन्हें रोजगार के लिए दिए गए हैं। स्वरोजगार अपनाने वाली महिलाओं को सरकार बनने के बाद फिर से दो दो लाख रूपये उनके अकाउंट में दिए जाएंगे। पूरी तरह रोजगार करने वाली महिलाओं को सरकार फिर से चार लाख रुपये देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए दिए गए पैसे को लेकर राहुल गांधी और तेजस्वी प्रसाद के पेट में दर्द हो रहा है और इसके कारण राहुल गांधी डिप्रेशन में रहता है। मानसिक तनाव में रहता है। जिसके कारण राजद और कांग्रेस वाले भ्रांति फैलाने का काम कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि अब लालटेन का जमाना नहीं है बिजली का जमाना है और सरकार 125 यूनिट बिजली बिहार वालों को मुफ्त दे रही है जो आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। जबकि लालू प्रसाद और राबड़ी जी अपने बच्चों और परिवार वालों के नियोजन में लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परिवार के कोई भी सदस्य राजनीति में नहीं है। राहुल गांधी और तेजस्वी प्रसाद चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं और वह राजतंत्र लाना चाहते हैं। जबकि अब राजतंत्र नहीं लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि एनडीए ही बिहार और सामाजिक विकास कर सकता है और मोदी की गारंटी ही विकास है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर



