सोनीपत पुलिस की महिला सुरक्षा में रिकॉर्ड कार्रवाई, प्रभावी नतीजे
- Admin Admin
- Dec 02, 2025
सोनीपत, 2 दिसंबर (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की
है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के नेतृत्व में चल रहे विशेष प्रयासों का परिणाम है कि
महिला विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। सरकार और कानून व्यवस्था
से जुड़े विभागों द्वारा किए गए ठोस प्रबंधों से महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने की
दिशा में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है।
पुलिस
प्रवक्ता एएसआई रविंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोनीपत जिले में दहेज हत्या के
8 मामले दर्ज हुए, जिनमें सभी का निवारण कर दिया गया। दुष्कर्म के 61 मामलों में भी
पुलिस ने सौ प्रतिशत सफलता हासिल की। दहेज प्रताड़ना के 149 मामलों में सभी आरोपियों
को तलाशकर उन पर कार्रवाई की गई। अपहरण और अगवा करने के 58 मामलों में से 57 का निवारण
किया गया, जो 98.27 प्रतिशत सफलता दर को दर्शाता है।
छेड़खानी
के 88 मामलों में से 86 का समाधान किया गया। पोक्सो अधिनियम के 88 मामलों में भी पुलिस
ने पूर्ण वर्कआउट किया। इन आंकड़ों से साफ है कि जिले में महिला विरुद्ध अधिकांश अपराधों
में पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की है। महिला सुरक्षा को मजबूत
करने के लिए जागरूकता अभियानों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शिकायत दर्ज कराने
में महिलाओं का विश्वास बढ़ा है। पुलिस थानों में महिला डेस्क की अनिवार्यता और संवेदनशील
पुलिसिंग के कारण शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो रही है। शक्ति ऐप जैसे महिला सुरक्षा
अनुप्रयोगों और व्यापक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा
को और सुदृढ़ किया है। इससे अपराधों की रोकथाम तथा आरोपियों की पहचान में तेजी आई है।
नए और सख्त कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन ने यौन उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे अपराधों
पर लगाम लगाने में अहम योगदान दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना



