ओवरलोडिंग और नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान, 2.82 लाख वसूला गया जुर्माना

अररिया 01 दिसम्बर(हि.स.)। अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन के नेतृत्व में सोमवार को जुम्मन चौक क्षेत्र में ओवरलोडिंग और नो पार्किंग के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान में परिवहन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग के पदाधिकारी मो. वारिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 2.82 लाख रुपये का चालान काटा।अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों और मालिकों में हड़कंप मच गया।

एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि शहर में अनियमित पार्किंग, सड़क जाम और ओवरलोडिंग की समस्या लगातार बढ़ रही थी। आम लोगों की परेशानी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में एमओ इंद्रजीत कुमार, परिवहन विभाग के अधिकारी, पुलिस मौजूद थे। टीम ने जुम्मन चौक सहित आस-पास के मुख्य मार्गों पर वाहनों की जांच की और कई वाहनों को जब्त भी किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

   

सम्बंधित खबर