निंबाहेड़ा से चित्तौड़ तक निकली 35 किलोमीटर लंबी आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा, दुर्ग का चरण पूजन रहा आकर्षण
- DSS Admin
- Jun 21, 2026
चित्तौड़गढ़, 21 जून (हि.स.)। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ के 21वें कल्याण महाकुंभ के जनजागरण के लिए रविवार को निकाली गई आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। निंबाहेड़ा से चित्तौड़ दुर्ग तक करीब 35 किलोमीटर लंबी यह पद यात्रा रही। इसमें शेषावतार कल्लाजी के भक्तों की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। निंबाहेड़ा के कल्याणनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों व दूर-दराज से आए भक्तों के कारण पूरे मार्ग में श्रद्धा का रैला दिखाई दिया।
कल्लाजी वेदपीठ के रामप्रसाद मूंदड़ा ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं को रविवार 4 बजे ठाकुरजी के दर्शन करवा कर पदयात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया था। लेकिन कई भक्त मध्यरात्रि में ही रवाना होकर सूर्योदय के साथ शक्ति और भक्ति की नगरी पहुंच गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जत्था चित्तौड़गढ़ के नेहरू उद्यान पहुंचा। यहां अल्पाहार के बाद बैंड-बाजों और मालवी ढोल की धुन के साथ शोभायात्रा निकाली गई। नेहरू उद्यान के समीप जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पेंशनर समाज, वरिष्ठ नागरिक मंच व धार्मिक-सामाजिक संगठनों ने जन-जन के आराध्य ठाकुर श्री कल्लाजी के रथ की पूजा कर सर्वत्र अच्छी वर्षा और खुशहाली की कामना की।
शहर में विभिन्न स्थानों पर हुआ स्वागत
शोभायात्रा कलेक्ट्रेट चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, सुभाष चौक, गोल प्याऊ, सदर बाजार, गांधी चौक, मिठाई बाजार, लक्ष्मीनाथ मंदिर होते हुए पाण्डव पोल पहुंची। यहां मार्ग में विभिन्न समाज, संगठनों की और से पुष्प वर्षा, जलपान और अल्पाहार करवा कर पदयात्रियों का स्वागत किया। विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या, सहकारी भूमि विकास बैंक अध्यक्ष बद्रीलाल जाट, फीट क्लब अध्यक्ष अनिल सिसोदिया, उपनिदेशक पशुपालन डॉ. सुमेरसिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व व्यापारी मार्ग में उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वागत किया।
दुर्गराज का चरण पूजन बना केंद्र बिंदु
वेदपीठ की परम्परा अनुसार पदयात्रियों ने दुर्गराज की चरण पूजा कर मेवाड़ के वीर-वीरांगनाओं को पुष्पांजलि अर्पित की। वेदपीठ के आचार्यों व बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा करवाई। सभी श्रद्धालुओं ने द्वितीय दरवाजे के बाद स्थित ठाकुर श्री कल्लाजी और जयमल जी की छतरी पर दर्शन कर रथ की पूजा की। इसके बाद भोजन प्रसाद ग्रहण कर सभी पदयात्रियों को बस द्वारा कल्याण नगरी के लिए रवाना किया गया।
नन्हे वीर-वीरांगनाओं का शौर्य प्रदर्शन
कल्लाजी के रणबांकुरों के रूप में नन्हें वीर-वीरांगनाओं व शक्ति ग्रुप ने तलवारबाजी व मुग्दल का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। मालवी ढोल की ताल पर अखाड़े का प्रदर्शन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में भोजन प्रसाद वितरण की सेवा पंकज दशोरा, हेमेंद्र कुमार सोनी, चन्द्र शंकर श्रीवास्तव व देवकीनंदन वैष्णव के निर्देशन में रोवर-रेंजर व स्काउट-गाइड टीम ने दी।
---------------

