रूस और भारत के रिश्तों को लेकर काशी के विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती में विशेष अनुष्ठान
- Admin Admin
- Dec 04, 2025
—गंगा सेवा निधि ने गंगा आरती में 1100 सौ दीपों से वेलकम पुतिन लिखकर किया स्वागत
वाराणसी,04 दिसम्बर (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर धर्म नगरी काशी में भी हर्ष का माहौल है। गुरूवार शाम दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि के विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में भी यह नजारा दिखा। निधि के पदाधिकारियों की देखरेख में अर्चकों ने वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच भारत और रूस के रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए विशेष अनुष्ठान किया। इसमें गंगा आरती देखने घाट पर आए श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह से भागीदारी की।
निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि गंगा आरती स्थल पर 1100 सौ दीपों से वेलकम पुतिन लिख कर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का काशी में स्वागत किया गया और मां गंगा से उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए भी कामना की गई। उन्होंने बताया कि गंगा आरती में बड़ी संख्या में रूस से भी पर्यटक आते हैं और मां गंगा की आरती में पूरे समय मौजूदगी दर्ज कराते हैं। बताते चले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय दौरे पर भारत आ चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद दिल्ली के पालम हवाईअड्डे पर राष्ट्रपति पुतिन की अगवानी की। स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक ही कार में साथ बैठे नजर आए। इसके पहले पुतिन भारत में वर्ष 2021 में रूस-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने नई दिल्ली आए थे। गंगा आरती में निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी ,सचिव हनुमान यादव आदि पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी



