जम्मू पुलिस ने अमृतसर पंजाब में नारको-टेररिज्म के तीन सरगनाओं को गिरफ़्तार किया, हथियार व ड्रग्स बरामद
- Neha Gupta
- Jun 17, 2026

जम्मू, 17 जून । संगठित अपराध और नारको-टेररिज्म सिंडिकेट के ख़िलाफ़ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जम्मू पुलिस ने अमृतसर में तीन लोगों - सूरजदीप सिंह उर्फ सूरज (निवासी जंडियाला), हरप्रीत सिंह उर्फ राजू और जसप्रीत - को गिरफ़्तार किया है। इन पर मीरान साहिब, बिश्नाह, नगरोटा और गंग्याल पुलिस स्टेशनों में कई एफआईआर दर्ज हैं।
ये तीनों जम्मू ज़िले में लगभग 80 प्रतिशत नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए ज़िम्मेदार थे। यह गिरफ़्तारी एक हाई-लेवल और बारीकी से चलाए गए ऑपरेशन के बाद हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने यहां एक प्रेस वार्ता कर बताया कि ये आरोपी जम्मू कश्मीर में सक्रिय 'लाऊ गुज्जर' और उसके नेटवर्क के 'बैकवर्ड लिंक्स' (निचले स्तर के सहयोगी) थे जिन पर पहले से ही कई एफआईआर दर्ज थीं। लाऊ गुज्जर के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों - लतीफ़, बच्चू, मजीदा और मुश्ताक - की गिरफ़्तारी और पूछताछ के दौरान सूरज और राजू के नाम सामने आए थे। ये तीनों आरोपी जम्मू में दर्ज नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में 'बैकवर्ड लिंक्स' का हिस्सा रहे हैं।
ये तीनों आरोपी जम्मू और उसके आस-पास के ज़िलों सांबा और कठुआ में लगभग 20 'फॉरवर्ड लिंक्स' (आगे सप्लाई लेने वालों) को नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे।
इस रणनीतिक छापेमारी में हथियार, कमर्शियल-ग्रेड के नशीले पदार्थ, लॉजिस्टिक्स से जुड़े उपकरण और गैर-कानूनी कामों में इस्तेमाल होने वाली महंगी लग्ज़री गाड़ियाँ ज़ब्त की गईं।
तलाशी के दौरान, ईइसयू जम्मू टीम, एसएचओ मीरान साहिब और बिश्नाह, पंजाब पुलिस के पीएसआई की टीमों ने इनके कब्जे से एक एके-47 राइफ़ल और चालीस 40 ज़िंदा कारतूस,
एक स्टार पिस्तौल और उनतीस 29 ज़िंदा पिस्तौल कारतूस, चार 04 ज़िंदा 12 बोर कारतूस। लगभग 1.020 किलोग्राम नशीले पदार्थ, एक इलेक्ट्रॉनिक वज़्न करने वाली मशीन, पैकिंग पैकेट/पाउच और पैकिंग टेप का एक रोल, लगभग 11,00,000 रुपये नकद, तीन मोबाइल फ़ोन, एक महिंद्रा थार, अमेज़ और स्विफ़्ट कार बरामद की।

