डीएम और एसपी ने रात में चेकपोस्ट और एसएसटी चेक प्वाइंट्स का किया निरीक्षण,दिए निर्देश
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
अररिया 09 नवम्बर(हि.स.)।
अररिया में बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने को लेकर शनिवार देर रात जिलाधिकारी अनिल कुमार और पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने जिले के विभिन्न चेक पोस्ट और एसएसटी चेक प्वाइंट्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को कानून-व्यवस्था पर चौबीसों घंटे नजर रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
एसपी अंजनी कुमार ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को अवैध शराब, नगदी या किसी भी प्रकार की प्रलोभन सामग्री के परिवहन और वितरण पर पूर्ण रोक लगाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से अपनी ड्यूटी निभाए, ताकि जिले में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित हो और कोई भय का माहौल न बने।
डीएम अनिल कुमार ने भी निरीक्षण के दौरान चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न थानों की ओर से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाए। संवेदनशील इलाकों में रात को फ्लैग मार्च आयोजित किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर



