कूचबिहार में तृणमूल के पूर्व जिला अध्यक्ष के घर पुलिस की छापेमारी

कूचबिहार, 13 जून (हि.स.)। कूचबिहार शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शनिवार दोपहर को पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीम ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक और उनके करीबी रिश्तेदार व पूर्व जिला महासचिव सम्राट कुंडू के घरों पर एक साथ छापेमारी की।जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय भारी पुलिस बल ने दो नंबर कालीघाट रोड स्थित अभिजीत दे भौमिक के घर को घेर लिया और अंदर जाकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। उस समय अभिजीत दे भौमिक घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके बड़े भाई सुजीत दे भौमिक, भाभी, बेटा और परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दे के खिलाफ कूचबिहार कोतवाली थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। माना जा रहा है कि उन्हीं मामलों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

इस बारे में अभिजीत दे भौमिक के भाई सुजीत दे भौमिक ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों ने घर में तलाशी लेने की बात कही, जिस पर परिवार ने कोई विरोध नहीं किया। कुछ देर तक जांच करने के बाद टीम वहां से चली गई। इसी के साथ, एक दूसरी टीम ने शक्तिसंघ इलाके में सम्राट कुंडू के घर पर भी छापेमारी की, जहां काफी देर तक तलाशी अभियान चला।

   

सम्बंधित खबर