ईंधन बचाने का संदेश : राजगंज के विधायक दिनेश सरकार टोटो से पहुंचे घर
- DSS Admin
- May 16, 2026
जलपाईगुड़ी,16 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के राजगंज से नव निर्वाचित विधायक दिनेश सरकार ने शपथ ग्रहण के बाद एक खास संदेश देते हुए सादगी और जागरूकता का परिचय दिया। विधानसभा में शपथ लेने के बाद शनिवार सुबह जब वे कोलकाता से जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
स्टेशन पर समर्थकों ने नारे लगाकर, फूल-मालाएं पहनाकर और गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद दिनेश सरकार स्टेशन परिसर से टोटो (ई-रिक्शा) में बैठकर अपने घर के लिए रवाना हुए।
टोटो से घर लौटने के पीछे का कारण बताते हुए विधायक ने कहा, “देशभर में तेल की बचत जरूरी है। हमारे प्रधानमंत्री ने भी तेल बचाने की अपील की है। उसी संदेश को ध्यान में रखते हुए आज मैंने टोटो से घर लौटने का फैसला किया।” उनका यह कदम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया और इसे ईंधन बचत के प्रति जागरूकता फैलाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

