हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का विरोध

हल्द्वानी, 03 जुलाई (हि.स.)। हल्द्वानी के सुभाष नगर क्षेत्र में शुक्रवार को स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की टीम का स्थानीय लोगों ने आज विरोध किया। विरोध के दौरान कुछ लोगों ने कर्मचारियों के हाथों से स्मार्ट मीटर छीनकर तोड़ दिए,जिसके बाद टीम बिना मीटर लगाए वापस लौट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई,जो बाद में तीखी नोकझोंक में बदल गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कर्मचारियों को काम रोकना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाने की निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और बिना पर्याप्त जानकारी दिए घरों में मीटर लगाने का प्रयास किया गया। उनका कहना था कि उनकी आपत्तियों की अनदेखी की गई,जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर एक निजी कंपनी के हैं और सरकार निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इन्हें उपभोक्ताओं पर थोप रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा इसी प्रकार मीटर लगाने का प्रयास किया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

विरोध के दौरान कुछ लोगों ने स्मार्ट मीटर छीनकर क्षतिग्रस्त कर दिए। इसके बाद यूपीसीएल की टीम ने मौके से लौटना ही उचित समझा।

उधर, बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर