गुरुग्राम: नशा समाज व राष्ट्र की प्रगति को बाधित करता है: अनिल राव

-डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल सेक्टर-14 ने भीम नगर में चलाया नो नशा नेशन अभियान

-पूर्व आईजी हरियाणा पुलिस अनिल राव रहे मुख्य अतिथि

गुरुग्राम, 7 दिसंबर (हि.स.)। आर्य युवा समाज की अध्यक्षता में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सेक्टर-14 द्वारा नो नशा नेशन अभियान रामलीला ग्राउंड भीम नगर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें स्वस्थ, संयमित और उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए जागरूक करना था। कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन विद्यालय की प्रधानाचार्या अपर्णा एरी ने किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डी.ए.वी. कॉलेज प्रबंधक समिति के उपाध्यक्ष एवं पूर्व आईजी हरियाणा पुलिस अनिल राव उपस्थित रहे। आर्य केंद्रीय सभा के प्रधान अशोक आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे। अन्य गणमान्य अतिथि आर्य केंद्रीय सभा के महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, आर्य विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक पंकज कालरा, आर्य समाज भीमनगर के मंत्री नरेंद्र आर्य तथा आर्य समाज सेक्टर-7 के मंत्री विकास रेलन मौजूद रहे। समारोह का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार और संदेश शरीरं धर्मं कत्र्तव्यं च साधनम उच्चारण के साथ हुआ, जिसमें नशा-त्याग, शुचिता और सद्गुणों के पालन का प्रेरक संदेश निहित था।

कार्यक्रम में शत-कुंडीय वैदिक हवन का विशेष आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य वैदिक रीति द्वारा शुद्धता, संयम तथा नशा-मुक्त जीवन के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित करना था। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने हेतु एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक तथा आयोजन समिति के सदस्य उत्साहपूर्वक सहभागी बने।

मुख्य अतिथि अनिल राव ने अपने संबोधन में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए नशे से दूर रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को बाधित करता है। इसलिए युवा पीढ़ी का सशक्त और जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। अन्य अतिथियों ने भी नशा-मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

नशे के दुष्परिणामों को समझाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कविता वाचन के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करने वाले संदेश प्रस्तुत किए गए। लोगों ने सामूहिक प्रतिज्ञा लेते हुए नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प व्यक्त किया। हस्ताक्षर-बोर्ड पर हस्ताक्षर कर इस संकल्प को दृढ़ता के साथ अभिव्यक्त किया। इस अभियान में लगभग 350 लोगों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर