पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम : मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
जयपुर, 15 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक सफलता कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कार्यकर्ता ही किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं और उनकी मेहनत ही जनता का विश्वास अर्जित करती है।
सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग एजेंटों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की सफलता पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह सफलता कार्यकर्ताओं के संघर्ष, जज्बे और संगठनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुशासन, विकास और जनहित की नीतियों के प्रति जनता का समर्थन आगे भी बढ़ता रहेगा।
इस अवसर पर राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि चुनावी विजय के लिए राजस्थान के प्रमुख आस्था केंद्र सालासर बालाजी मंदिर और खाटूश्याम मदिर में मन्नत मांगी गई थी। चुनाव में सफलता मिलने के बाद भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ता और काउंटिंग एजेंट राजस्थान पहुंचे तथा दोनों धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर अपनी मन्नत पूर्ण की। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं प्रगति की कामना भी की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व और संगठन को दिए जा रहे मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने चुनावी अनुभव साझा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने के सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए जनसेवा, संगठन सुदृढ़ीकरण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
---------------

