युवक की हत्या के बाद आरोपी का भी मर्डर:पंचकूला में अंडरपास के निकट पड़े मिले दोनों के शव; 6 दिन पहले पिता बना था
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
हरियाणा के पंचकूला में युवक की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय संजीत निवासी सेक्टर-19 के रूप में हुई है। संजीत की हत्या के कुछ घंटे बाद उसी स्थान पर उससे रंजिश रखने वाले युवक अर्जुन का शव भी बरामद हो गया। संजीत के परिजनों ने हत्या का शक अर्जुन पर ही जताया था, लेकिन अब उसकी भी मौत ने मामले को और उलझा दिया है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस टीम मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला कि संजीत छह दिन पहले ही बेटे का पिता बना था और शुक्रवार की रात को उसने घर पर नामकरण समारोह और पार्टी रखी थी। इसी दौरान वह घर से बाहर आ गया, फिर उसकी डेडबॉडी मिली। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… दोनों युवक दोस्त थे, बाद में रंजिश हुई परिवार के अनुसार संजीत और अर्जुन कश्यप पहले से एक दूसरे को जानते थे। मगर, किन्हीं कारणों से इनके बीच रंजिश थी। यही कारण है कि जब संजीत की मौत हुई तो उसकी हत्या का शक परिजनों को अर्जुन कश्यप पर था, लेकिन अर्जुन कश्यप का शव भी घटनास्थल के पास पड़ा मिला, जिससे मामला और उलझ गया। पुलिस के अनुसार इस वारदात को अंजाम देने में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस बोली- सभी पहलुओं की कर रहे जांच पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। संजीत के परिजनों, रिश्तेदारों व दोस्तों समेत अन्यों से पूछताछ की जा रही है। पता किया जा रहा है कि दोनों मौतों के बीच क्या संबंध है, दोनों में किस बात की रंजिश थी। क्या कोई तीसरा भी पक्ष है। वारदात के खुलासे के लिए कॉल रिकॉर्ड, संजीत के घर और वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है।

