डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर नारायण जैन ने जताया शोक

कोलकाता, 27 दिसंबर (हि.स.) । ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता नारायण जैन ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की सेवाएं, चाहे वह वित्त मंत्री के रूप में हों या प्रधानमंत्री के रूप में, देश के लिए हमेशा यादगार रहेंगी।

नारायण जैन ने 1992 की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्री रहते हुए उनकी और सीए दिलीप लोयलका द्वारा लिखित पुस्तक हाउ टू हैंडल इनकम टैक्स प्रॉब्लम्स का लोकार्पण किया था। जैन ने कहा कि देश ने एक ऐसा नेता खो दिया है, जिसने कठिन परिस्थितियों में भी देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान न केवल आर्थिक सुधारों में, बल्कि देश की समग्र प्रगति में भी अतुलनीय है। उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व ने भारत को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाई। जैन ने इसे देश और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

   

सम्बंधित खबर