पालघर में खेत में चल रही नकली नोटों की फैक्टरी पर पुलिस का छापा, 4 गिरफ्तार 

मुंबई, 13 जनवरी (हि.स.)। मुंबई से सटे पालघर जिले के निहालपाड़ा इलाके में स्थित एक खेत में चल रही नकली नोटों की फैक्टरी पर पुलिस ने छापा मार कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपित खलील फरार हो गया है। भायखला पुलिस स्टेशन की टीम आरोपित खलील की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि उनकी टीम को पालघर में नकली नोट छापे जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी के आधार उनकी टीम ने रविवार को पालघर जिले के निहालपाड़ा इलाके के एक खेत में पतरे की शेड में छापा मारकर दो लैपटॉप, एक चार्जर, एक माउस, 1,367 बटर पेन, नोटों के बीच अंग्रेजी में लिखा एक टेलीग्राम, दो स्क्रीन प्रिंटिंग डाइ, एक स्क्रीन प्रिंटिंग रोलर, लेमिनेशन फिल्म आदि जब्त किए। इस मामले में उमरान उर्फ आसिफ उमर बलबाले, यासीन यूनुस शेख, भीम प्रसाद सिंह बडेला और नीरज वेखंडे को गिरफ्तार किया गया हैं। जबकि इस मामले का असली आरोपित खलील फरार हो गया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है और खलील की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को उनकी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ युवक भायखला स्थित एक पान-बीड़ी जनरल स्टोर के पास नकली नोट बेचने आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सादे कपड़ों में उन पर नजर रखते हुए उमरान, नीरज और भीम नामक तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी तलाशी के दौरान पांच सौ रुपये के दो सौ नकली नोट बरामद हुए।

पूछताछ में उमरान ने बताया कि ये नकली नोट खलील अंसारी और नीरज वेखंडे ने दिए थे। इसके बाद पुलिस ने नीरज को पालघर के वाडा इलाके से गिरफ्तार किया। नीरज ने ही खेत में चल रही नकली नोट की फैक्टरी पर पुलिस ने छापा मारा और नोट छापने के सामान बरामद किए। अब तक छानबीन में पता चला है कि खलील को पहले भी नकली नोट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में जमानत मिलने पर खलील ने नीरज की मदद से नकली नोट छापना शुरू कर दिया था।

नकली नोट छप जाने के बाद, खलील अंसारी और नीरज वेखंडे दोनों अन्य आरोपितों की मदद से उन्हें मुंबई में बेचते थे। यह बात सामने आ रही है कि 35,000 से 40,000 रुपये के असली नोट देने के बाद यह गिरोह एक लाख रुपये तक के नकली नोट दे रहा था। किसी को संदेह न हो, इसके लिए वे अपनी बाइक की डिक्की से ये नकली 500 रुपये के नोट मुंबई ला रहे थे। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस गिरोह ने पालघर के खेतों में अब तक कितने नोट छापे हैं और उनमें से कितने को मुंबई की करेंसी में बदला गया है, इसकी छानबीन की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

   

सम्बंधित खबर