जम्मू-कश्मीर में 539 मास्टर्स को बनाया गया प्रभारी हेडमास्टर

सरकारी स्कूलों में नेतृत्व मजबूत करने की पहल, 595 व्याख्याताओं की भी हुई तैनाती

जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर सरकार ने सरकारी स्कूलों के प्रशासनिक और शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग के 539 मास्टर्स को प्रभारी हेडमास्टर नियुक्त कर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में तैनात किया है। सरकार का कहना है कि इस निर्णय से स्कूलों में नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी, प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। शिक्षा, समाज कल्याण तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने इस फैसले को सरकार की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रभावी संस्थागत नेतृत्व से शिक्षण प्रक्रिया में सुधार, जवाबदेही बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभारी हेडमास्टरों की नियुक्ति से जमीनी स्तर पर स्कूल प्रशासन और शैक्षणिक प्रदर्शन को मजबूती मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार शैक्षणिक संस्थानों में मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ाने, आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और शिक्षा क्षेत्र में सुधारात्मक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा प्रणाली के आधुनिकीकरण, मौजूदा कमियों को दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सकीना इटू ने बताया कि सरकार ने विभिन्न विषयों में 595 व्याख्याताओं की भी भर्ती कर उन्हें प्रदेश के विभिन्न उच्च माध्यमिक विद्यालयों में तैनात किया है, जिससे स्कूल शिक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवनियुक्त प्रभारी हेडमास्टरों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं देंगे।

   

सम्बंधित खबर