नामकुम में शातिर अपराधी खालिद बंगाली गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
रांची, 28 जून (हि.स.)। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधी मोहम्मद खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चूजा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लोडेड देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित 10 जून को अंजुमन इस्लामिया नूरिया महापंचायत के अध्यक्ष हाजी सऊद आलम के पुत्र मोहम्मद शमशेर आलम पर हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल था।
रविवार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अमर पांडेय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के कुटियातु स्थित 89 आर्मी ग्राउंड के पास कुछ अपराधी एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद दो संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपनी पहचान मोहम्मद खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चूजा के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक लोडेड देसी कट्टा और पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। मौके पर ही हथियार और कारतूस को विधिवत जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान खालिद ने स्वीकार किया कि वह आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई आपराधिक मामलों में पहले से संलिप्त रहा है। उसने यह भी कबूल किया कि 10 जून की शाम नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग स्थित अराफात अपार्टमेंट के पास आपसी रंजिश के चलते उसने मोहम्मद शमशेर आलम पर गोली चलाई थी, जिसमें वह घायल हो गया था। घटना के बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मोहम्मद खालिद का शमशेर आलम और उसके पिता हाजी सऊद आलम के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में नामकुम थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, खालिद के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं 10 जून की गोलीबारी की घटना में शामिल उसके दो सहयोगियों सद्दाम उर्फ टीपू और मोहम्मद ईरशाद आलम को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस फरार अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
----------

