रांची, 06 जून (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से संचालित सामाजिक सेवा अभियान अन्नपूर्णा सेवा के तहत शनिवार को माहेश्वरी भवन के पास जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन और ठंडी छाछ का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल के वर्षभर के स्लोगन प्यार बांटते चलो के अंतर्गत चल रही यह सेवा अपने तीसरे माह में सफलतापूर्वक पहुंच गई है।
मौके पर शुभा अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता मंच की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा सेवा का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना भी है।
कार्यक्रम का आयोजन शाखा की सदस्य कोमल पोद्दार के सौजन्य से किया गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए भोजन के साथ-साथ लोगों को ठंडी छाछ भी उपलब्ध कराई गई, जिससे राहगीरों और जरूरतमंदों को राहत मिली। शाखा की सदस्याओं ने स्वयं उपस्थित रहकर सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई और जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन वितरित किया।
कार्यक्रम में शुभा अग्रवाल, कविता सोमानी, कोमल पोद्दार, वीना शर्मा, शायरी अग्रवाल, जनसेवा प्रभारी शायरी अग्रवाल, वर्षा धानुका, जनसेवा संयोजिका डॉली बंसल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------

