किंग्सवे कैंप मार्केट में जूते के शोरूम में आग, चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू
- DSS Admin
- May 23, 2026
नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के मुखर्जी नगर इलाके में शनिवार सुबह किंग्सवे कैंप मार्केट स्थित एक जूते के शोरूम में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान की तीन मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा सामान जलने से आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 6:52 बजे मुखर्जी नगर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए किंग्सवे कैंप मार्केट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एएसआई सुखवीर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पता चला कि आग दुकान नंबर-101 में बने बाटा शोरूम के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। हालांकि कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। बताया जा रहा है कि शटर का लॉक तत्काल नहीं टूट पाने के कारण आग पर शुरुआती स्तर पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका, जिससे आग पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई और केवल दमकल विभाग के वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी गई। इधर सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार दुकान के अंदर बड़ी संख्या में जूते और अन्य सामान कागज के डिब्बों में पैक होकर रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से भड़कती चली गई, जिससे आग बुझाने में काफी समय लगा। पुलिस के अनुसार करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
---------------

