अयोध्या मंडल में तीन पम्प नहर परियोजनाएं लोकार्पण को तैयार, 35 प्रतिशत तक बढ़ेगी सिंचाई क्षमता
- DSS Admin
- May 17, 2026
-आईओटी और स्कॉडा सिस्टम से लैस हुईं पम्प नहरें, अब होगी ऑनलाइन मॉनीटरिंग
-बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, महराजगंज और बस्ती के किसानों को मिलेगा फायदा
-127 नलकूपों के पुनर्निर्माण से 12,700 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई बढ़ेगी
-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से अयोध्या मंडल में सिंचाई व्यवस्था हो रही हाईटेक
अयोध्या, 17 मई (हि.स.)। लिफ्ट सिंचाई खंड अयोध्या द्वारा तीन महत्वपूर्ण पम्प नहरों के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन परियोजनाओं के लोकार्पण के बाद अयोध्या मंडल सहित आसपास के जिलों में सिंचाई क्षमता में लगभग 35 प्रतिशत की वृद्धि होने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी पहल से कृषि क्षेत्र को हाईटेक बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
ये परियोजनाएं किसानों के लिए वरदान साबित होंगी। खासकर बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, महाराजगंज और बस्ती जिलों के किसान इनसे सीधे लाभान्वित होंगे। नई तकनीक से लैस इन नहरों से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी।
ये हैं तीन प्रमुख पम्प नहर परियोजनाएं
सरयू पंप नहर स्टेज-02 एवं स्टेज-03 क्षमता 480 क्यूसेक वाली यह नहर जनपद बहराइच एवं श्रावस्ती की सिंचाई करती है। इसे फीडर चैनल की तरह उपयोग किया जा रहा है, जिससे व्यापक क्षेत्र में पानी पहुंचाना संभव हो पाएगा।
-चौधरी चरण सिंह उत्रौला पंप नहर 1050 क्यूसेक क्षमता की यह बड़ी परियोजना बलरामपुर एवं महाराजगंज जिलों की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करेगी। इसका कार्य पूर्ण हो चुका है।
-चौधरी चरण सिंह, अयोध्या पंप नहर (बस्ती) 600 क्यूसेक क्षमता वाली यह नहर बस्ती जिले के कृषि क्षेत्र को लाभ पहुंचाएगी।
इन सभी पंप नहरों पर आधुनिक आईओटी और स्कॉडा सिस्टम लगाया गया है। इससे नहरों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी। पानी की निकासी, मोटर की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं पर रीयल-टाइम नजर रखी जा सकेगी, जिससे रखरखाव आसान होगा और पानी की बर्बादी रुकेगी।
12,700 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को लाभ मिल सकेगा
अयोध्या मंडल के अंतर्गत लगभग 1200 राजकीय नलकूपों को आदर्श नलकूप बनाया गया है। इनसे किसानों को लगातार पानी उपलब्ध हो रहा है। राजकीय नलकूपों का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इनके पूरा होने पर करीब 12,700 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई का लाभ मिल सकेगा।
किसानों के लिए राहत का सब बनेंगी परियोजनाएं
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता पंकज वर्मा ने बताया कि ये परियोजनाएं सूखे और अनियमित बारिश की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए राहत का सबब बनेंगी। सिंचाई क्षमता में 35 प्रतिशत वृद्धि से धान, गेहूं, सब्जी और अन्य फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी। किसान बहु-फसली खेती की ओर बढ़ सकेंगे। पानी की समय पर उपलब्धता से लागत भी कम होगी और आय में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सिंचाई विभाग लगातार नई तकनीकों को अपनाते हुए काम कर रहा है। अयोध्या मंडल में हो रहे ये विकास कार्य प्रदेश के अन्य हिस्सों के लिए भी मिसाल बन रहे हैं। आईओटी और स्कॉडा जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल सिंचाई को हाईटेक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।

